जयपुर|Mahima Jain:राजस्थान में अब सर्दी धीरे-धीरे परवान चढ़ने लगी है। सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में तापमान ने हिमाचल, जम्मू कश्मीर के शहरों से भी नीचे चला गया है। फतेहपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो हिल स्टेशन कुल्लू-मनाली, नैनीताल, मसूरी से भी बहुत कम है। राजस्थान में इस सीजन में पहली बार किसी जगह न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज हुआ है। फतेहपुर के अलावा तेज सर्दी का असर शेखावाटी और राजस्थान के दूसरे इलाकों में भी रहा।

राजस्थान के 8 शहरो में ज्यादा ठंड
राजस्थान के शहरों में आज का तापमान देखें तो फतेहपुर के अलावा सीकर, चूरू, नागौर, चित्तौड़गढ़ में बीती रात न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। चूरू, सीकर में आज न्यूनतम तापमान 3-3, नागौर और चित्तौड़गढ़ में 4.7, भीलवाड़ा, पिलानी में 5, अलवर में 5.5 और हनुमानगढ़ में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं जम्मू 6.7 और शिमला में आज का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस है।
फतेहपुर में हल्के कोहरे के साथ हुई सुबह की शुरुआत
फतेहपुर में शीतलहर के चलते शनिवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1.4 डिग्री दर्ज किया गया है। सुबह-सुबह पूरा इलाका कोहरे के आगोश में रहा। फिलहाल मौसम साफ है। शीतलहर चलती रहेगी। न्यूनतम तापमान में और कमी दर्ज की जा सकती है। पिछले 4 दिनों में क्षेत्र में तापमान 1 डिग्री से कम रहा है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर में अब तक सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री दर्ज किया गया है। ऐसे में इस बार भी उत्तरी ठंडी हवाओं और शीतलहर के चलते यह संभावना है कि न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड टूट सकता है।